UPI के 10 साल पूरे, 13 हजार गुना बढ़ा लेनदेन

अगस्त 25, नई दिल्ली: भारत की डिजिटल भुगतान क्रांति के प्रमुख आधार यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI)ने 25 अगस्त 2026 को अपने 10 साल पूरे कर लिए हैं। 25 अगस्त 2016 को भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) द्वारा लॉन्च किया गया UPI आज देश के डिजिटल भुगतान तंत्र की रीढ़ और वित्तीय समावेशन का अहम माध्यम बन चुका है।
पिछले एक दशक में UPI के इस्तेमाल में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 2016-17 में जहां UPI के जरिए 1.78 करोड़ लेनदेन हुए थे, वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 24,162 करोड़ लेनदेन हो गया। यानी एक दशक में वार्षिक लेनदेन की संख्या में करीब 13 हजार गुना वृद्धि हुई है।
UPI अब केवल घरेलू डिजिटल भुगतान का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि सीमा पार डिजिटल भुगतान के वैश्विक प्लेटफॉर्म के तौर पर भी अपनी पहचान बना रहा है। वर्तमान में UPI 11 देशों में संचालित है। इनमें संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, भूटान, श्रीलंका, नेपाल, सिंगापुर, मॉरीशस, कतर, कंबोडिया, ग्रीस और मालदीव शामिल हैं।
आज छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े कारोबारी तक UPI के जरिए तेजी और आसानी से भुगतान कर रहे हैं। एक दशक में UPI ने डिजिटल भुगतान को आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने के साथ-साथ भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को वैश्विक पहचानदिलाई है। फ़ाइल फ़ोटो