खेल

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ, खिलाड़ियों को दिया आगे बढ़ने का संदेश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ, खिलाड़ियों को दिया आगे बढ़ने का संदेश

रीवा, 1 नवंबर। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने उत्कृष्ट विद्यालय मार्तंड क्रमांक-1 के मैदान में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का ध्वज फहराकर शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी संभागों से 19 वर्ष तक आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता 5 नवंबर तक आयोजित की जाएगी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, आपसी सम्मान और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख भी देते हैं। फुटबॉल अत्यंत लोकप्रिय खेल है और रीवा की इस खेल में शानदार परंपरा रही है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे विद्यार्थी भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। खेलों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि हारने वाला खिलाड़ी भी सबसे पहले विजेता को बधाई देता है। यही खेल भावना और भाईचारा पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।

उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न संभागों से रीवा पहुंचे खिलाड़ियों को व्हाइट टाइगर सफारी मुकुंदपुर का भ्रमण कराने की व्यवस्था करने का भी सुझाव दिया, ताकि वे रीवा की प्राकृतिक और पर्यटन संबंधी पहचान से परिचित हो सकें।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी पीएल मिश्रा ने प्रतियोगिता के आयोजन से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, राजगोपाल मिश्रचारी, विक्रम सिंह, रवींद्रनाथ, सहायक संचालक राजेश मिश्रा, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य आरके जैन, खेल अधिकारी चंदन सिंह सहित विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।