उत्तर प्रदेश में शुक्रवार से अब तक आंधी और बारिश से जुड़ी घटनाओं में 56 लोगों की मौत
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को बारिश और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गंभीरता से राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि संकट की इस घड़ी में किसी भी प्रभावित परिवार को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बारिश से सबसे अधिक मौतें सीतापुर में हुई हैं। इसके बाद लखीमपुर खीरी, बहराइच, बलरामपुर, अयोध्या और गोरखपुर में भी जनहानि हुई है। बारिश से करीब एक हजार 20 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
घाघरा और राप्ती नदियों का जलस्तर कई स्थानों पर बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। चित्रकूट में मंदाकिनी और कुशीनगर में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
लगातार तीन दिन की भारी बारिश के बाद राज्य के आठ जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने आज पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है।
खराब मौसम को देखते हुए अमरोहा, श्रावस्ती, पीलीभीत और बिजनौर समेत कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।