देश

उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, फिलहाल राहत नहीं

लेखक: AIR Dehradun अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, फिलहाल राहत नहीं

30 अगस्त 2026, देहरादून: प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने एक सितम्बर तक कई जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। आज देहरादून और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

वहीं, कल देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है। उधर चमोली जिले में बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले कई संपर्क मार्गों पर मलबा आने से यातायात बाधित हुआ है। हालांकि बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही सुचारू है।

वहीं, मसूरी में देर रात से लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर परेशानी बढ़ा दी। मसूरी-देहरादून मार्ग के पानी वाले बैंड क्षेत्र में बारिश के बीच पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भूस्खलन के कारण नीचे आ गया। पहाड़ी के ऊपर बने मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले कुछ दिन इसी तरह का मौसम बना रहेगा। इस दौरान विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की भी अपील की है।

A
AIR Dehradun

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।