राजनीति

उत्तराखंड: चमोली में 23 अक्टूबर से ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी शुरू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
उत्तराखंड: चमोली में 23 अक्टूबर से ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी शुरू

उत्तराखंड के चमोली जिले में भी 23 अक्टूबर से ईवीएम व वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग यानी एफएलसी का कार्य आरंभ होगा। इस संबंध में जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एफएलसी की प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में एफएलसी का कार्य प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा। सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी चेकिंग जारी रहेगी। पूरी प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न की जाएगी। यदि किसी राजनीतिक दल का प्रतिनिधि लगातार तीन दिन अनुपस्थित रहता है, तो संबंधित दल को पत्र के माध्यम से सूचित किया जाएगा।

एफएलसी में शामिल होने के लिए राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को परिचय पत्र जारी किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि एफएलसी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाए। वर्तमान में चमोली जिले में 1,130 बैलेट यूनिट (बीयू), 1,400 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 1,294 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।