उत्तराखंड: चमोली जनपद के गौचर में दिव्यांगजनों के लिए सहायता शिविर का आयोजन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
चमोली जनपद के पीएम श्री राजकीय इंटरमीडिएट कालेज गौचर में 26वें उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर दिव्यांगजनों के लिए तीन दिवसीय विशेष वृहद राज्यस्तरीय सहायता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में राजस्थान की एक संस्था के सहयोग एवं जिला प्रशासन चमोली के सौजन्य से प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, कान की मशीन, बैसाखी सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।
इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए जयपुर फुट एवं अन्य कृत्रिम अंग भी तैयार किए गए। शिविर में चमोली के अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों से भी बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे। बाड़मेर राजस्थान संस्था के यूपी एवं उत्तराखंड कोऑर्डिनेटर चंद्रशेखर भंसाली ने बताया कि संस्था पिछले तीन दशकों से अधिक समय से दिव्यांगजनों की सेवा में जुटी है।
संस्था राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिविरों का आयोजन कर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध करा रही है। शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। व्हीलचेयर, कान की मशीन और कृत्रिम अंग मिलने से उन्हें अपने दैनिक जीवन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
दिव्यांगजन गणेश लाल ने इस पहल के लिए संस्था और जिला समाज कल्याण विभाग चमोली का आभार व्यक्त किया।
बाइट 1-धनंजय लिंगवाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी, चमोली
बाइट 2-चंद्रशेखर भंसाली, कोऑर्डिनेटर, आयोजक संस्था
बाइट 3-गणेश लाल, लाभार्थी