राजनीति

वाहनों की चेकिंग स्वागत योग्य पर चाकू लेकर घूमने वालों की भी जांच हो: रमेश साहू एडवोकेट

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 4 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
वाहनों की चेकिंग स्वागत योग्य पर चाकू लेकर घूमने वालों की भी जांच हो: रमेश साहू एडवोकेट

शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं पर कांग्रेस नेता ने सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

इटारसी। शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर कांग्रेस लीगल सेल के पूर्व संगठन सचिव एवं अधिवक्ता रमेश के. साहू ने चिंता जताई हैं।

एडवोकेट साहू ने कहा कि वाहन चेकिंग और दुकानें बंद कराने के साथ अपराधियों की पहचान, उनकी गतिविधियों की निगरानी और अवैध हथियारों की जांच पर भी पुलिश प्रशासन को गंभीरता दिखानी चाहिए।

श्री साहू ने कहा कि शहर की सुरक्षा का सवाल केवल यातायात व्यवस्था तक सीमित नहीं है। चाकूबाजी की घटनाएं रोकने के लिए पुलिस को सघन चेकिंग अभियान चलाना चाहिए।

कौन अपराधी हथियार लेकर घूम रहे हैं, उनके ठिकाने कहां हैं और किन स्थानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है। ठोस सूचना के आधार पर कानूनसम्मत तलाशी और समय पर कार्रवाई से वारदातों को रोका जा सकता है।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून व्यवस्था के दावों की परीक्षा सड़कों पर होती है। सुरक्षा व्यवस्था पर खर्च का लाभ तभी है, जब नागरिक बेखौफ बाजार जा सकें, व्यापारी अपना व्यवसाय कर सकें और परिवार अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त हों।

श्री साहू ने कहा कि छोटे व्यापारीयों की दुकानों को बंद करा देना प्रशासन के लिए आसान कार्रवाई हो सकती है, लेकिन अपराधियों तक पहुंचना और अवैध हथियारों पर रोक लगाना उसकी वास्तविक जिम्मेदारी है।

श्री साहू ने बाजारों, संवेदनशील इलाकों और सुनसान रास्तों पर नियमित गश्त बढ़ाने, आदतन अपराधियों की निगरानी करने तथा नागरिकों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

साहू ने कहा कि जनता को केवल वहां चेकिंग कर यातायात सुरक्षा प्रदान करना पर्याप्त नहीं है; उसे चाकूबाजी जैसी आपराधिक घटनाओं पर रोक और सुरक्षित शहर चाहिए।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।