वाहनों का पंजीकरण प्रमाण-पत्र रद्द होने पर 30 दिन तक दस्तावेज देने का मिलेगा समय
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने जनविश्वास अधिनियम 2026 के तहत मोटरयान अधिनियम लागू करने को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। इस तरह मोटर वान चलाने वालों के लिए 15 अगस्त से ही कुछ नियम बदल गए। इसके तहत ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ियों के कागजात, यातायात उल्लंघन, बीमा और सड़क दुर्घटना मुआवजे से जुड़े नियमों में बदलाव होगा।
नए नियम में ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता को लेकर राहत दी गई है। अब लाइसेंस की वैधता की अवधि खत्म होने के बाद भी वह 30 दिन तक प्रभावी रहेगा। यानी लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के तुरंत बाद उसे अवैध मानकर कार्रवाई नहीं की जा सकेगी। सड़क पर वाहन चलाने वालों के लिए राहत भरी खबर है।
वैसे चालक जिनकी ड्राइविंग लाइसेंस की अवधि समाप्त हो गई है, लेकिन उन्होंने लाइसेंस नवीकरण के लिए परिवहन विभाग में चालान जमा कर दिया हैं तो वे गाड़ी चला सकते हैं। उन पर एक निश्चित अवधि तक जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। हालांकि पकड़े जाने पर उन्हें चालान जमा करने का सबूत दिखाना होगा।
जिला परिवहन पदाधिकारी अमित राज ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के एक साल पहले ही नवीकरण के लिए आवेदन दिया जा सकता है। समय पर आवेदन करने पर नवीनीकरण लाइसेंस की समाप्ति की तारीख से प्रभावी होगा।
नये अधिनियम के तहत वाहन का पंजीकरण प्रमाण-पत्र रद्द होने या उससे जुड़े कुछ मामलों में दस्तावेज जमा करने के लिए मिलने वाली अवधि को 14 दिन से बढ़ाकर 30 दिन किया गया है। वही यातायात उल्लंघन जिनके लिए अधिनियम में अलग से जुर्माना या दंड निर्धारित नहीं है, उनमें पहली बार गलती करने पर दर्ज चेतावनी दी जाएगी।
दूसरी या उसके बाद की गलती पर पांच सौ से डेढ़ हजार रुपए तक का दंड हो सकता है। साइलैंसर के बजाय कट-आउट से धुआं निकालने वाले वाहन पर पहली बार चेतावनी दी जाएगी। दूसरी बार में एक से दो हजार रुपए तक का दंड वसूल किया जाएगा।
बिना वैध मोटर थर्ड पार्टी बीमा वाहन चलाते मिले तो अब वाहन के निर्धारित मूल बीमा प्रीमियम का 3 गुना या 5 हजार रुपए, जो अधिक होगा। दोबारा गलती पर 5 गुना मूल प्रीमियम या 10 हजार रुपया, जो अधिक होगा। इतना ही नहीं खतरनाक वाहन पर सख्ती भी होगी।
ऐसे वाहन को सड़क पर चलाने पर, जिसमें ऐसा दोष है जिससे वाहनों के लिए खतरा पैदा हो सकता है, 5 हजार तक दंड हो सकता है।
📡 स्रोत: NewsData.io