वाराणसी बाढ़: पीएम मोदी ने डीएम से फोन पर ली गंगा के बढ़ते जलस्तर की जानकारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बाढ़ की स्थिति पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर, शहर के विभिन्न घाटों पर पानी की स्थिति, बाढ़ से प्रभावित इलाक़ों और वहाँ चल रहे राहत-बचाव कार्यों का पूरा ब्योरा लिया।
प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से अस्सी घाट, दविदास घाट, जलवरिया और नंदी घाट क्षेत्र में जलस्तर और पानी के फैलाव को लेकर जानकारी हासिल की, साथ ही बाढ़ प्रभावितों के लिए ज़िला प्रशासन व नगर निगम द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं पर भी फीडबैक लिया।
प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर बेहतर तालमेल बनाया जाए और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी रखे जाएँ, ताकि प्रभावित लोगों तक तुरंत मदद पहुँचे और उन्हें किसी तरह की दिक़्क़त न हो।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री को वाराणसी की मौजूदा बाढ़ स्थिति और अब तक हुए राहत कार्यों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी से भी फोन पर बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की।
महापौर तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने काशी में गंगा के बढ़ते जलस्तर और अस्सी घाट, दविदास घाट, जलवरिया व नंदी घाट सहित कई क्षेत्रों की स्थिति के बारे में जानकारी माँगी। प्रधानमंत्री के निर्देशों के बाद ज़िला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी लगातार बाढ़ प्रभावित इलाक़ों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं।
अधिकारियों ने प्रभावित मोहल्लों, नदी किनारे के इलाक़ों और जलभराव वाली जगहों का जायज़ा लेकर राहत कार्यों की समीक्षा की और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएँ भी सुनीं।
प्रशासनिक टीमें फ़िलहाल जलस्तर, जलभराव, राहत शिविरों, आवागमन की स्थिति और प्रभावित लोगों की ज़रूरतों पर लगातार नज़र रखे हुए हैं, और आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।