वाराणसी कमिश्नर ने परखे पीएम विजिट के प्रोजेक्ट:सितंबर में पीएम मोदी का दौरा संभावित, लापरवाह SDM पिंडरा को नोटिस
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित सितंबर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री के काशी दौरे के दौरान 10 बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात मिलने के साथ ही कई अरब रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और महत्वाकांक्षी योजनाओं का शिलान्यास होने की संभावना है। इसे देखते हुए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सोमवार को निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जल्द ही दोबारा निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। सोमवार को मंडलायुक्त एस राजलिंगम लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पहुंचे और एकीकृत एयर कार्गो टर्मिनल का दौरा किया। टर्मिनल के संचालन समेत अन्य बिंदुओं की गहनता से पड़ताल की। मण्डलायुक्त ने निर्माणाधीन एयरपोर्ट रनवे एक्सपेंशन के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। एक्सपेंशन में आने वाले स्ट्रक्चर को तुरंत हटाने को निर्देशित किया। कार्गो सुविधाओं के विकास को हवाई कनेक्टिविटी और व्यापारिक गतिविधियों का द्योतक बताया। रनवे से जुड़े कार्यों की भी बारीकी से समीक्षा करते हुए सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रनवे एक्सपेंशन के कार्यों में शिथिलता बरतने पर तहसीलदार पिंडरा को शोकॉज नोटिस जारी किया गया, कमिश्नर ने उनसे जवाब मांगा है। मंडलायुक्त ने निर्माण एवं विकास कार्यों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा यात्रियों एवं एयरपोर्ट संचालन पर कार्यों के प्रभाव को न्यूनतम रखने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों एवं एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण वाराणसी के विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूती प्रदान करेगा। स्टेडियम का फाइनल टच जांचा मंडलायुक्त ने गंजारी स्थित क्रिकेट स्टेडियम पहुंचकर निर्माण एवं विकास कार्यों की वर्तमान प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से परियोजना के विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता और कार्यों की गति का जायजा लिया। परियोजना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कार्यों की प्रगति की बिंदुवार जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बताया कि गंजारी क्रिकेट स्टेडियम वाराणसी के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। 350 करोड़ से बन रहा स्टेडियम वाराणसी स्थित गंजारी में 350 करोड़ की लागत से बन रहा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। स्टेडियम का निर्माण कार्य 80% से ज्यादे हो चुका है जिसको अक्टूबर महीने की शुरुआत में पूरा कर लिया जाएगा। मंडलायुक्त ने गंजारी स्थित सदगुरू नेत्र चिकित्सालय के निर्माणाधीन कार्यों को देखा तथा परियोजना की प्रगति के बारे में उचित जानकारियां हासिल की। एसडीएम राजातालाब शांतनु समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
📡 स्रोत: NewsData.io