वाराणसी से पकड़ा गया भाई, अब बहन-बहनोई पर भी आरोप:कारोबारी दंपति हत्याकांड में नया मोड़, परिजन बोले- अकेले नहीं कर सकता था डबल मर्डर
मुजफ्फरपुर में ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के कारोबारी दंपति मर्डर केस में मुख्य आरोपी अनुज उर्फ अविनाश भगत की गिरफ्तारी के बाद अब मामला एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। मृतका के मायके पक्ष और बेटी ने हत्या में अनुज के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों की भी संलिप्तता का आरोप लगाया है।
परिजनों ने पुलिस को दोबारा आवेदन देकर सभी आरोपों की जांच और कार्रवाई की मांग की है। शनिवार(30 अगस्त 2026) की शाम दोनों मृतक दंपति का शव ब्रह्मपुरा स्थित घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मीनू देवी के मायके पक्ष के लोग फरीदाबाद और दिल्ली से पहुंचे थे। मां, दोनों भाई और अन्य रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल था।
परिजनों ने आरोप लगाया कि यह दोहरा हत्याकांड अकेले अनुज उर्फ अविनाश ने नहीं किया है।
भाई धर्मेंद्र बोले- बहन और जीजा की हत्या में कई लोग शामिल मीनू देवी के भाई धर्मेंद्र कुमार भक्ता ने आरोप लगाया कि उनकी बहन मीनू देवी और जीजा मनोज भगत की हत्या 19 मई की रात अनुज उर्फ अविनाश भगत ने की, लेकिन वह इस घटना में अकेला शामिल नहीं था।
उन्होंने अनुज की दोनों बहनों, उनके पतियों समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। धर्मेंद्र ने कहा कि उन्होंने कुछ दिन पहले एसएसपी से मिलकर आरोपियों के नाम बताए थे और अब फिर से प्रशासन को आवेदन दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी संदिग्ध लोगों से कड़ी पूछताछ कर पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए। 19 मई को ही उनकी आखिरी बार बहन से बात हुई थी। उस समय उनकी मां फरीदाबाद के अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती थी। मीनू देवी ने फोन पर मां का हालचाल पूछा था और जल्द मिलने आने की बात कही थी।
इसके बाद बहन के लापता होने और फिर हत्या की जानकारी मिली। बेटी शेफाली बोली- शुरू से चाचा पर था शक मृतक दंपति की बेटी शेफाली ने कहा कि उसने शुरुआत से ही अपने चाचा अनुज उर्फ अविनाश पर शक जताया था और आखिरकार वही मुख्य आरोपी निकला। हालांकि, शेफाली का आरोप है कि हत्या की वारदात में अनुज अकेला शामिल नहीं था।
उसने पुलिस से मांग की है कि परिवार के अन्य लोगों को बुलाकर गंभीरता से पूछताछ की जाए। शेफाली का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
मृतक के भाई बोले- जिस भाई को बेटे से बढ़कर माना, वही कातिल निकला मृतक मनोज भगत के बड़े भाई विनोद भगत ने कहा कि उन्हें कभी विश्वास नहीं था कि उनका छोटा भाई ही अपने सगे भाई की हत्या कर सकता है। जिस भाई को उन्होंने बेटे से बढ़कर माना, वही उनके भाई का कातिल निकला।
उन्होंने आरोपी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मीनू देवी के छोटे भाई मनोज कुमार भक्ता ने संपत्ति विवाद को हत्या की मुख्य वजह बताया। उनका आरोप है कि परिवार के कुछ सदस्यों का मीनू देवी और मनोज भगत से संपत्ति को लेकर अक्सर विवाद होता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि दंपति के यहां रहने की तैयारी को लेकर भी परिवार में विवाद था। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के बाद कुछ संदिग्ध लोग घर से निकलते दिखाई दिए थे और हत्या के बाद घटनास्थल को साफ करने की कोशिश की गई। परिजनों ने इन आरोपों की जांच कराने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
संपत्ति विवाद में की थी हत्या, वाराणसी से पकड़ा गया आरोपी बता दें कि 19 मई की रात कारोबारी मनोज भगत और उनकी पत्नी मीनू देवी रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। उनकी बेटी शेफाली ने शुरुआत से ही चाचा अनुज उर्फ अविनाश पर संदेह जताया था। पुलिस की मानवीय और तकनीकी जांच के बाद मामले में बड़ा खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, संपत्ति विवाद में आरोपी अनुज उर्फ अविनाश ने अपने बड़े भाई की सिर पर भारी वस्तु से हमला कर हत्या कर दी, जबकि भाभी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। इसके बाद दोनों शवों को ठिकाने लगाने और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
जांच के दौरान पुलिस को उसके उत्तर प्रदेश के वाराणसी में होने की जानकारी मिली। यूपी पुलिस के सहयोग से उसे पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और संपत्ति विवाद को घटना की वजह बताया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
अन्य आरोपियों के खिलाफ आवेदन मिलने पर होगी जांच ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी अनुज उर्फ अविनाश को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर फिलहाल पुलिस को कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
आवेदन मिलने के बाद आरोपों की जांच कर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जहां पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है, वहीं मृतक दंपति के परिजन अब हत्या में अन्य लोगों की भूमिका की जांच और पूरे मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।
📡 स्रोत: NewsData.io