वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने दूसरी सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन को दिखाई हरी झंडी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने आज नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दूसरी सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन को हरी झंडी दिखाई। यह मैराथन भारतीय वायु सेना के परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों की याद में आयोजित की जा रही है। मैराथन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस, साहस और राष्ट्रीय एकता के लिए प्रेरित करना है।
इसमें 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ होगी। विजेताओं को एक लाख रुपये तक का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में बहादुरी दिखाई थी। श्रीनगर हवाई अड्डे की रक्षा करते हुए उन्होंने छह पाकिस्तानी सेबर जेट विमानों का मुकाबला किया था। उनकी बहादुरी और बलिदान को आज भी याद किया जाता है।