विधानसभा का मानसून सत्र पहले दिन ही हंगामेदार, "वंदे मातरम" से शुरूआत न होने को लेकर विपक्ष ने जताया ज़ोरदार विरोध
अगस्त 21, शिमला (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज हंगामेदार शुरुआत के साथ शुरू हुआ। सदन की कार्यवाही 'वंदे मातरम' यानि राष्ट्रगीत से शुरू न होने को लेकर विपक्ष ने ज़ोरदार विरोध जताया।
सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक और नारेबाजी के चलते सदन की कार्यवाही शुरू होने के महज़ 11 मिनट के भीतर ही शनिवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
शिमला में आज से शुरू हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले ही दिन सदन में राष्ट्रगीत को लेकर भारी गतिरोध देखने को मिला। दरअसल, सत्र के पहले दिन सदन की औपचारिक शुरुआत परंपरा के अनुसार राष्ट्रगान 'जन-गण-मन' से हुई। इसके तुरंत बाद ही विपक्षी सदस्यों ने इस पर कड़ा ऐतराज़ जताया।
विपक्ष का तर्क था कि केंद्र सरकार के हालिया दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजनों की शुरुआत राष्ट्रगीत यानी 'वंदे मातरम' से होनी चाहिए और विधानसभा में भी इसी व्यवस्था का पालन किया जाना आवश्यक है। इस मुद्दे को लेकर विपक्षी विधायक अपनी सीटों पर खड़े हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी करने लगे।
देखते ही देखते सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी जवाबी नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सदन का माहौल पूरी तरह गरमा गया। विधानसभा अध्यक्ष ने दोनों पक्षों को शांत कराने और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
उन्होंने सदन को सूचित किया कि शुरुआत में दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक उद्गार पेश किए जाने हैं, इसलिए कार्यवाही को नियमानुसार चलने दिया जाए।
विधानसभा अध्यक्ष ने स्थिति स्पष्ट करते हुए व्यवस्था दी कि केंद्र सरकार का नया नियम सामान्य सरकारी कार्यक्रमों के लिए है और विधानसभा की अपनी नियमावली और परंपराएं हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल विधानसभा की स्थापित परंपरा के तहत सदन की शुरुआत राष्ट्रगान से होती है और सत्र या बैठक का समापन राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के साथ किया जाता है। अध्यक्ष के इस स्पष्टीकरण के बावजूद विपक्ष का विरोध थमा नहीं और सदन में हंगामा जारी रहा।
दोनों पक्षों के बीच बढ़ते टकराव को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को शनिवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी। इस तरह, हंगामे और सियासी रस्साकशी के बीच पहले दिन सदन की कार्यवाही महज़ 11 मिनट ही चल सकी।