विधि-व्यवस्था के लिए रात को फील्ड में उतरेंगे प्रशासनिक अफसर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
खगड़िया जिले में शांति व विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के लिए पुलिस-प्रशासन ने निगरानी व कार्रवाई का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी विक्रम विरकर एवं पुलिस अधीक्षक पुष्कर आनंद की संयुक्त अध्यक्षता में हुई विधि-व्यवस्था समीक्षा बैठक में अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय मौजूदगी और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और थानाध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में महिला सुरक्षा, रात्रि गश्ती, अपराध नियंत्रण, नशे के कारोबार पर नकेल, सोशल मीडिया निगरानी और आगामी पर्व-त्योहारों पर शांति व्यवस्था को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
डीएम एवं एसपी ने जवाबदेही तय करते हुए एसडीओ, एसडीपीओ एवं सीओ को नियमित रूप से रात में क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को खुद फील्ड में उतरकर जमीनी स्थिति का जायजा लेने को कहा गया। वहीं थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्ती प्रभावी बनाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने को कहा गया, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का अहसास हो और असामाजिक तत्वों में कानून का खौफ रहे।
^ विधि-व्यवस्था के मामले में लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्षों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता मिलने पर संबंधित थानाध्यक्ष को हटाने के साथ उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। थाना स्तर पर बेहतर पुलिसिंग और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हर हाल में सुनिश्चित हो।
-पुष्कर आनंद, पुलिस अधीक्षक, खगड़िया।
📡 स्रोत: NewsData.io