विदिशा- इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-28 के लिए ऑनलाइन पंजीयन शुरू, 15 सितंबर अंतिम तिथि, 63 इंडस्ट्री-रेडी स्किल्स में प्रतिभा दिखाने का मौका; राष्ट्रीय विजेताओं को 2028 में जापान की वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) तथा राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के तत्वावधान में देश की सबसे बड़ी कौशल स्पर्धा ‘इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-2028’ के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पंजीयन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इस प्रतियोगिता के राष्ट्रीय विजेताओं को वर्ष 2028 में जापान के आइची (Aichi) में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता 2028 में भारत का प्रतिनिधित्व करने का ऐतिहासिक अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता की प्रमुख विशेषताएं एवं नियम: 63 प्रकार के कौशल (Skills): प्रतियोगिता में रोबोटिक्स, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, वेब टेक्नोलॉजी, वेल्डिंग, कारपेंट्री, कुकिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, बेकरी और ऑटोमोबाइल सहित 63 इंडस्ट्री-रेडी स्किल्स शामिल हैं। बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया: युवाओं को पहले जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करनी होगी, जिसके बाद वे राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर (District → State → Regional → National) की प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे।
पात्रता व आयु सीमा: प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी औपचारिक शिक्षा की आवश्यकता नहीं है, केवल संबंधित स्किल में दक्षता होना अनिवार्य है। सामान्यतः उम्मीदवार का जन्म 1 जनवरी 2006 या उसके बाद का होना चाहिए। क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी और इंडस्ट्री 4.0 जैसी विशिष्ट आधुनिक स्किल्स के लिए आयु सीमा में छूट दी गई है, जिसमें 1 जनवरी 2003 या उसके बाद जन्मे युवा भी पात्र हैं।
इच्छुक युवा सरल पंजीकरण के लिए https://www.skillindiadigital.gov.in पर पंजीयन कर सकते हैं।