राज्य

विदिशा: कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने की निर्माणाधीन स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों की समीक्षा

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 28 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
विदिशा: कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने की निर्माणाधीन स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों की समीक्षा

शौचालय, पानी, बिजली, पंखे और सुगम पहुंच मार्ग की अनिवार्यता, निर्माण स्थल पर विवरण प्रदर्शित करने के सख्त निर्देश विदिशा। विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जिले में निर्माणाधीन स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी नवीन भवनों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद ही भवनों के अधिग्रहण की कार्यवाही की जाए।

कलेक्टर ने कहा कि भवन निर्माण पूर्ण होने के उपरांत स्थानीय एसडीएम या तहसीलदार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा मौके पर परीक्षण किया जाए, और शिक्षकगण अपने स्तर पर भवनों का अधिग्रहण न करें।

समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक नवीन स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवन में क्रियाशील शौचालय, पर्याप्त पानी की आपूर्ति, विद्युत कनेक्शन और पंखों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।

ग्राम पंचायत की जीटीपी के तहत स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पंखे लगाने के लिए एक लाख रुपए तक की राशि व्यय करने का प्रावधान है। इसके अलावा, भवनों तक पहुंच मार्ग को सुगम और निर्विघ्न बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अतिक्रमण जैसी बाधाओं का तुरंत निराकरण किया जा सके।

कलेक्टर ने यह भी अनिवार्य किया है कि जिले में संचालित प्रत्येक निर्माण कार्य की संपूर्ण जानकारी—जैसे टीएस जारी होने की तिथि, राशि, समयावधि और निर्माण एजेंसी—कार्यस्थल पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।