विदिशा: कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने की उपार्जन कार्यों की समीक्षा, खरीफ फसल की स्थिति का लिया जायजा

विदिशा। विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने अपने चेम्बर में जिले में संचालित उपार्जन कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मेसराम, एसडीएम मनीष जैन सहित कृषि, सहकारिता, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक (सीसीबी) एवं मार्कफेड के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने जिले में समर्थन मूल्य पर संपन्न हुए ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन कार्यों की प्रगति और संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से उपार्जन प्रक्रिया, किसानों से की गई खरीदी तथा भुगतान की स्थिति पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में आगामी खरीफ फसल के संबंध में भी जिले की स्थिति की समीक्षा की गई, जिसमें कृषि अधिकारियों से खरीफ फसलों के रकबे, बोवनी और फसलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से जुड़ी उपार्जन एवं कृषि संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उपार्जन कार्यों में किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।