राज्य

विदिशा: कुरवाई क्षेत्र में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया विभिन्न पंचायतों का भ्रमण

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
विदिशा: कुरवाई क्षेत्र में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया विभिन्न पंचायतों का भ्रमण

मुख्यमंत्री 'जन-विश्वास अभियान' के अंतर्गत विदिशा जिले की कुरवाई तहसील के अंतर्गत आने वाली भौंरासा, कांकर, नाउकुण्ड और लायरा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा व्यापक भ्रमण और निरीक्षण किया गया।

इस दौरान जनसंवाद कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ, जिसमें कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे और जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, शासकीय उचित मूल्य की दुकानों, स्वास्थ्य संस्थानों, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों, पशु चिकित्सालयों और पंचायत भवनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नाउकुण्ड स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान 12 बच्चों के अनुपस्थित मिलने पर जिला पंचायत सीईओ ने निर्देश दिए कि उनके घर जाकर माता-पिता से चर्चा की जाए और बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाए।

इसके साथ ही, पंचायत भवन में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए बिना आधार वाले नागरिकों की सूची तैयार कर कार्ड बनवाने तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए। उद्यम संवाद और अनुभव साझा

ग्राम पंचायत कांकर में आयोजित 'उद्यम संवाद' कार्यक्रम के दौरान विधायक और जिला पंचायत सीईओ ने स्थानीय उद्यमियों और ग्रामीणों से चर्चा की।

इस दौरान अमित दांगी ने 'मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना' से ऋण लेकर अपना व्यवसाय शुरू करने, साजिद खान ने शासकीय योजना के माध्यम से ऑटो पार्ट्स का काम शुरू करने और राम सेवक दांगी ने उद्यानिकी विभाग की मदद से दाल उद्योग स्थापित कर सब्सिडी का लाभ उठाने संबंधी अपने सफल अनुभव साझा किए।

जनसमस्याओं का निराकरण और विद्यार्थियों को सौगात ग्राम पंचायत लायरा में आयोजित जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने नाली निर्माण और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अभियान के तहत विधायक हरिसिंह सप्रे और जिला पंचायत सीईओ ने लायरा और नाउकुंड के स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग वितरित किए।

इसके अलावा, अतिथियों ने नाउकुंड के शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला में बच्चों के साथ बैठकर 'पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना' के तहत मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।