विदिशा: कुरवाई में सड़क हादसे में घायल महिला के लिए देवदूत बने जिला परिवहन अधिकारी, समय पर पहुंचाया अस्पताल

मुख्यमंत्री 'जन-विश्वास अभियान-2026' के अंतर्गत विदिशा जिले में कलेक्टर अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार भ्रमण और निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में कुरवाई विकासखंड की ग्राम पंचायत तमोइया के निरीक्षण के दौरान मानवीय संवेदनशीलता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली।
तमोइया पंचायत के एक गांव से दूसरे गांव की ओर जाते समय जिला परिवहन अधिकारी गिरिजेश वर्मा को सड़क किनारे एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी हुई दिखाई दी। वह महिला किसी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई थी, जिसके कारण उसकी पैर की हड्डी (पिंडली) टूट चुकी थी और सिर में गहरी चोट लगने के कारण लगातार भारी खून बह रहा था।
मौके पर एंबुलेंस की तत्काल उपलब्धता न होने को देखते हुए जिला परिवहन अधिकारी ने बिना एक क्षण गंवाए मानवीय संवेदना का परिचय दिया। उन्होंने अपने शासकीय अनुबंधित वाहन में घायल महिला को लिटाया और तुरंत उसे शासकीय अस्पताल कुरवाई पहुँचाया। समय पर अस्पताल पहुँच जाने के कारण घायल महिला का तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू हो सका।
जिला परिवहन अधिकारी की इस त्वरित और सूझबूझ भरी पहल से घायल महिला को उपचार के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ा और उसे समय रहते जीवनरक्षक चिकित्सकीय सहायता मिल गई।
प्रशासनिक कर्तव्यों के निर्वहन के साथ-साथ एक जरूरतमंद नागरिक की त्वरित सहायता करने की इस घटना ने यह साबित कर दिया कि 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान' का मूल उद्देश्य शासन को न केवल विकासोन्मुख, बल्कि अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितैषी बनाना भी है।