व्यापार

विदिशा - मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना में युवाओं को ऑन-जॉब ट्रेनिंग से जोड़ने पर जोर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
विदिशा - मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना में युवाओं को ऑन-जॉब ट्रेनिंग से जोड़ने पर जोर

विदिशा। युवाओं को कौशल विकास के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, विदिशा और शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के संयुक्त तत्वावधान में बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर कार्यालय स्थित बेतवा सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता संयुक्त कलेक्टर ने की।

बैठक में जिले की औद्योगिक इकाइयों और प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि, विभिन्न महाविद्यालयों के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर (टीपीओ) और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम समेत युवाओं के कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।

योजनाओं के माध्यम से युवाओं को उद्योगों और प्रतिष्ठानों में प्रशिक्षण के साथ व्यावहारिक कार्य अनुभव उपलब्ध कराने और उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने पर चर्चा हुई।

औद्योगिक इकाइयों से अधिक वैकेंसी बनाने की अपील

बैठक में जिले की औद्योगिक इकाइयों और प्रतिष्ठानों से मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत अधिक से अधिक वैकेंसी सृजित करने का आग्रह किया गया। इससे पात्र युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुरूप ऑन-जॉब प्रशिक्षण के अवसर मिल सकेंगे। औद्योगिक प्रतिनिधियों से योजना के क्रियान्वयन, युवाओं की उपलब्धता और प्रशिक्षण से जुड़े सुझाव भी लिए गए।

टीपीओ को युवाओं की काउंसलिंग के निर्देश

औद्योगिक इकाइयों से मिले सुझावों के आधार पर विभिन्न महाविद्यालयों के टीपीओ को निर्देश दिए गए कि वे पात्र युवाओं की काउंसलिंग करें और उन्हें मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना सहित अन्य संबंधित योजनाओं की जानकारी दें। साथ ही अधिक से अधिक पात्र युवाओं का योजना में पंजीयन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। बैठक में उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि उद्योगों की जरूरतों और युवाओं की योग्यता के बीच बेहतर तालमेल से युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।