राज्य

विदिशा : विश्व मच्छर दिवस पर डेंगू रोकथाम के लिए चला सघन लार्वा सर्वे अभियान

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 21 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
विदिशा : विश्व मच्छर दिवस पर डेंगू रोकथाम के लिए चला सघन लार्वा सर्वे अभियान

विश्व मच्छर दिवस पर डेंगू रोकथाम के लिए चला सघन लार्वा सर्वे अभियान डंडापुरा कॉलोनी के 142 घरों में सर्वे, 3 घरों में मिला डेंगू लार्वा; कीटनाशक दवा से कराया नष्ट

विदिशा : विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर जिले में डेंगू एवं मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया दल द्वारा विशेष जागरूकता एवं लार्वा सर्वे अभियान चलाया गया।

अभियान के अंतर्गत विदिशा शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों बासौदा, त्योंदा एवं कुरवाई में भी डेंगू लार्वा सर्वे कर नागरिकों को मच्छरों से बचाव एवं डेंगू की रोकथाम के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। विदिशा शहर की डंडापुरा कॉलोनी में मलेरिया विभाग की टीम द्वारा 142 घरों का निरीक्षण कर डेंगू लार्वा सर्वे किया गया।

सर्वे के दौरान 3 घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया। टीम द्वारा मौके पर ही कीटनाशक दवा का उपयोग कर लार्वा को नष्ट कराया गया तथा संबंधित परिवारों को घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने और नियमित रूप से जल पात्रों की सफाई करने के लिए समझाइश दी गई। घरों में जमा पानी की नियमित जांच जरूरी

स्वास्थ्य विभाग ने जनसमुदाय से अपील की है कि वे अपने घरों में रखे सभी पानी के कंटेनर, कूलर, फ्रिज की ट्रे, गमले, पानी की टंकियां, पुराने टायर तथा अन्य ऐसे स्थानों की सप्ताह में कम से कम एक बार जांच करें, जहां पानी जमा हो सकता है।

यदि कहीं एडीज मच्छर का लार्वा दिखाई दे तो तत्काल पानी खाली कर पात्र की अच्छी तरह सफाई करें। विभाग ने बताया कि ऐसे बड़े पानी के कंटेनर जिनकी नियमित सफाई या ढंकना संभव नहीं है, उनमें प्रति सप्ताह मीठा तेल डालने की सलाह दी गई है, ताकि मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोका जा सके। मच्छरों के काटने से बचाव की दी गई सलाह

मलेरिया विभाग की टीम ने नागरिकों को मच्छरों से स्वयं का बचाव करने के उपाय भी बताए। लोगों को पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने, दिन के समय विशेष रूप से बच्चों एवं वृद्धजनों को मच्छरदानी के अंदर आराम करने, मॉस्किटो कॉइल का उपयोग करने तथा शाम के समय नीम की पत्तियों का धुआं करने की सलाह दी गई।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से कहा है कि डेंगू की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। घर और आसपास स्वच्छता रखते हुए पानी जमा होने से रोककर डेंगू के मच्छर के प्रजनन को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है।

लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें विभाग ने बताया कि तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द तथा नाक या मसूड़ों से रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर बिना विलंब किए चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।

ऐसे लक्षण होने पर जिला चिकित्सालय विदिशा अथवा अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में डेंगू की एलाइजा जांच निःशुल्क कराई जा सकती है। 25 मरीजों की डेंगू जांच, सभी रिपोर्ट निगेटिव स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आज की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 25 मरीजों की डेंगू जांच की गई।

जांच में किसी भी मरीज में डेंगू संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई, अर्थात सभी मरीजों की रिपोर्ट डेंगू के लिए निगेटिव पाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे डेंगू के संभावित प्रसार को रोकने के लिए अपने घर एवं आसपास पानी जमा न होने दें, नियमित रूप से लार्वा की जांच करें और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं।

सामूहिक प्रयासों से जिले में डेंगू के संचरण एवं प्रसार को प्रभावी रूप से कम किया जा सकता है।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।