व्यापार

विदिशा में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल, उद्योगों से ज्यादा अवसर देने की अपील

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
विदिशा में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल, उद्योगों से ज्यादा अवसर देने की अपील

विदिशा। जिले के युवाओं को अधिक से अधिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष पहल शुरू की गई है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशन में जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग के समन्वय से नोडल शासकीय आईटीआई विदिशा ने बेतवा सभागार में उद्योगों और प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की।

बैठक की अध्यक्षता संयुक्त कलेक्टर दीपाश्री गुप्ता ने की। इसमें जिले के विभिन्न उद्योगों और प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ महाविद्यालयों के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना सहित युवाओं के कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

उद्योग प्रतिनिधियों से योजनाओं के तहत अधिक से अधिक वैकेंसी सृजित करने और जिले के युवाओं एवं विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार से जोड़ने का आग्रह किया गया। बैठक का उद्देश्य उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अवसरों को युवाओं तक पहुंचाना और उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों तथा कौशल विकास संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

अधिकारियों ने कहा कि बेहतर समन्वय से जिले के युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर तैयार किए जा सकते हैं। नोडल प्राचार्या कविता रघुवंशी ने उद्योगों और प्रतिष्ठानों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने बताया कि योजनाओं से संबंधित तकनीकी और प्रक्रियात्मक सहयोग के लिए निकटतम शासकीय आईटीआई से संपर्क किया जा सकता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।