देश

विज्ञान और संस्कृति का समन्वय व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक, राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में कला-उत्सव 2026 का आगाज, देशभर के युवा कलाकार बिखेर रहे प्रतिभा के रंग

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
विज्ञान और संस्कृति का समन्वय व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक, राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में कला-उत्सव 2026 का आगाज, देशभर के युवा कलाकार बिखेर रहे प्रतिभा के रंग

अजमेर, 26 अक्टूबर। राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में सोमवार से दो दिवसीय अंतर-विश्वविद्यालयीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘कला-उत्सव 2026’ का शुभारंभ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि नीति आयोग के सदस्य प्रो. गोबर्धन दास रहें। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव की अध्यक्षता में आयोजित इस महोत्सव में देशभर के बारह विश्वविद्यालयों के साढे तीन सौ से अधिक विद्यार्थी अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

महोत्सव के दौरान नृत्य, संगीत, रंगमंच और साहित्य की विभिन्न विधाओं में ग्यारह प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। इनमें शास्त्रीय एवं लोक नृत्य, सुगम गायन, वाद्य संगीत, लोक गायन, लघु नाटिका, मूकाभिनय, प्रश्नोत्तरी और वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएँ शामिल हैं।उद्घाटन समारोह में निकाली गई सांस्कृतिक रैली में विभिन्न राज्यों की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिली।

वहीं, लोक कलाओं और नृत्य विधाओं पर आधारित प्रदर्शनी तथा योग विद्यार्थियों की संगीतबद्ध योग प्रस्तुतिया आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि प्रो. गोबर्धन दास ने कहा कि भारत की विविध भाषाएँ, बोलियाँ और संस्कृतियाँ हमारी समृद्ध विरासत हैं। विज्ञान और संस्कृति का समन्वय व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि संवेदनशील और संपूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण करना भी है। इस अवसर पर कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने कहा कि कला-उत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि युवा प्रतिभाओं को अभिव्यक्ति देने का मंच है। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति व्यक्तित्व विकास तथा समाज को एक सूत्र में बांधने का सशक्त माध्यम हैं।गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में सांस्कृतिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।