विकासनगर में बनेगा सैनिक विश्राम गृह
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
24 अक्तूबर 2026, देहरादून: सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून जिले के विकासनगर में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के नवनिर्मित प्रतीक्षा कक्ष का उद्घाटन किया।
इस सुविधा के शुरू होने से पछवादून और विकासनगर क्षेत्र के भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, उनके परिवारजनों को बड़ी राहत मिलेगी। पॉलीक्लिनिक एवं कैंटीन में आने वाले लाभार्थियों को बैठने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि विकासनगर एक प्रमुख जंक्शन है, जहां आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या पूर्व सैनिकों का आवागमन होता है। इसे देखते हुए विकासनगर में सैनिक विश्राम गृह बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को हरबर्टपुर स्थित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक विकासनगर में शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय और ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक एक ही स्थान पर होने से सुविधाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों की सुविधा, सम्मान एवं कल्याण सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।