अपराध

विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में मानवी शर्मा प्रथम, प्रांजल नेगी दूसरे और सोचीरत तीसरे स्थान पर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में मानवी शर्मा प्रथम, प्रांजल नेगी दूसरे और सोचीरत तीसरे स्थान पर

कुल्लू के तीनों विजेताओं का राज्य स्तरीय यूथ पार्लियामेंट के लिए चयन, 29 युवाओं ने लिया प्रतियोगिता में भाग

नवंबर 06, कुल्लू (हिमाचल प्रदेश): मेरा युवा भारत कुल्लू की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। वन नेशन वन इलेक्शन की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय प्रणाली और संवैधानिक मूल्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक सेकर उपस्थित रहे, जबकि समापन समारोह में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने अतिथियों का भव्य एवं पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

प्रतियोगिता में कुल 29 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में मानवी शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रांजल नेगी दूसरे और सोचीरत तीसरे स्थान पर रहे। विशेष बात यह रही कि तीनों विजेताओं का चयन राज्य स्तरीय यूथ पार्लियामेंट के लिए हुआ है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने युवाओं को संसदीय प्रणाली के महत्व से अवगत करवाया। उन्होंने संविधान में निहित मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं इस अवसर पर एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें पुरस्कृत भी किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।