विकसित उत्तराखंड की ओर बढ़ रहा राज्य: अमित शाह
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नवंबर 06, नई दिल्ली: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहाड़ी टोपी, शॉल, पवित्र गंगाजल और समुद्र मंथन का प्रतीक चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।
समारोह के दौरान अमित शाह ने 1,475 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस प्रगति पर गर्व जताया और विश्वास व्यक्त किया कि आगामी चुनाव में राज्य में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनेगी।
गृह मंत्री ने इस दौरान कांग्रेस की नीतियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक उत्तराखंड को ‘मनी ऑर्डर इकोनॉमी’ और पलायन के भरोसे छोड़ दिया था। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार ने राज्य से पलायन रोकने के लिए कई प्रयास किए हैं।
समारोह में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भी झलक देखने को मिली। विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक लोकनृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां दीं। गढ़वाल और जौनसार क्षेत्र के कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकधुनों पर नृत्य प्रस्तुत कर प्रदेश की क्षेत्रीय परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया।