विश्व आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भारत का दमदार प्रदर्शन, अब तक जीते 20 पदक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
Date- 31 OCT 2026, Narmada, Gujarat
भारत में पहली बार आयोजित 47वीं विश्व आर्म रेसलिंग और 28वीं विश्व पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक 20 पदक अपने नाम किए हैं।
प्रतियोगिता के फाइनल के शुरुआती दो दिनों में भारत ने चार स्वर्ण, दो रजत और 14 कांस्य पदक जीते। इसके साथ ही भारत पदक तालिका में रूस, कजाकिस्तान और तुर्की के बाद चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
60 से अधिक देशों के 1,700 से ज्यादा खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
भारत में पहली बार आयोजित हो रही इस विश्व चैंपियनशिप में 60 से अधिक देशों के 1,700 से ज्यादा एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन गुरुवार को केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की उपस्थिति में हुआ। इस चैंपियनशिप का आयोजन वर्ल्ड आर्म रेसलिंग फेडरेशन (डब्ल्यूएएफ) के तत्वावधान में पीपल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीएएफआई) कर रहा है।
अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
उद्घाटन समारोह में डब्ल्यूएएफ के अध्यक्ष एसेन हाजितोडोरोव, महासचिव मिर्सिया सिमियोनेस्कु-सिमिसेल, एशियन आर्मरेसलिंग फेडरेशन के अध्यक्ष जीनबेक मुकाम्बेटोव और आर्मरेसलिंग ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष फिल रासमुसेन भी मौजूद रहे।