राज्य

विश्व दृष्टि दिवस: आंखों से करें प्यार, स्क्रीन से रखें दूरी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 8 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
विश्व दृष्टि दिवस: आंखों से करें प्यार, स्क्रीन से रखें दूरी

विश्व दृष्टि दिवस पर चिकित्सकों ने आंखों की नियमित जांच और स्क्रीन टाइम कम करने की सलाह दी। विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों और युवाओं में कमजोर नजर व चश्मे का नंबर तेजी से बढ़ रहा है।

जयपुर, 8 अक्टूबर। विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर इस वर्ष ‘अपनी आंखों से करें प्यार’ थीम के जरिए आंखों की नियमित देखभाल और समय पर जांच के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है। चिकित्सकों ने खासतौर पर मोबाइल फोन, लैपटॉप और कंप्यूटर की स्क्रीन का लगातार इस्तेमाल करने से बचने और समय-समय पर नजरें स्क्रीन से हटाने की सलाह दी है।

जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं विभागाध्यक्ष डॉ. नगेन्द्र सिंह ने बताया कि बच्चों और युवाओं में नजर कमजोर होने तथा चश्मे का नंबर बढ़ने के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। उनके अनुसार पिछले पांच वर्षों में ऐसे मामलों में करीब तीन गुना तक बढ़ोतरी देखने को मिली है। इसका प्रमुख कारण लंबे समय तक मोबाइल और कंप्यूटर स्क्रीन पर लगातार नजरें टिकाए रखना माना जा रहा है।

डॉ. सिंह ने कहा कि आंखों की समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय समय-समय पर नेत्र जांच करवाना बेहद जरूरी है। खासतौर पर बच्चों में आंखों की रोशनी और नजर की नियमित जांच पर ध्यान देना चाहिए, ताकि किसी भी समस्या का शुरुआती स्तर पर पता लगाया जा सके।

उन्होंने डायबिटीज और अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को भी नियमित रूप से आंखों की जांच करवाने की सलाह दी। समय रहते आंखों में होने वाले बदलावों का पता लगने से दृष्टि को होने वाले नुकसान को रोकने में मदद मिल सकती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि स्क्रीन का संतुलित इस्तेमाल, बीच-बीच में आंखों को आराम देना और नियमित नेत्र जांच आंखों को स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी है।

बाइट - डॉ नगेन्द्र सिंह- वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ, विभागाध्यक्ष एसएमएस अस्पताल जयपुर।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।