विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित गतिविधियां
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
विश्व पर्यटन दिवस पर बीकानेर में दिखा विरासत और मेहमाननवाजी का अनूठा रंग
बीकानेर 27 सितंबर। विश्व पर्यटन दिवस पर रविवार को बीकानेर में पर्यटन और विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर ऐतिहासिक जूनागढ़ में दिनभर देशी-विदेशी पर्यटकों की आवाजाही रही, वहीं दूसरी ओर शहर के परकोटे में पहली बार आयोजित हेरिटेज ट्रेजर हंट के जरिए शहरवासियों, युवाओं और पर्यटकों ने बीकानेर के इतिहास, स्थापत्य, संस्कृति और खान-पान की परंपराओं को करीब से जाना। विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित इन गतिविधियों ने बीकानेर की समृद्ध विरासत के साथ यहां की मेहमाननवाजी और जीवंत संस्कृति को भी सामने रखा।
जूनागढ़ में विदेशी पर्यटकों की खास मौजूदगी रही। ऑस्ट्रेलिया से आई कैथरीन ने राजस्थान की यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। राजस्थान के लोगों की मेहमाननवाजी, यहां का खान-पान और रहन-सहन उन्हें विशेष रूप से पसंद आया। उनके लिए राजस्थान केवल ऐतिहासिक इमारतों को देखने की जगह नहीं, बल्कि यहां के लोगों और उनकी संस्कृति को करीब से महसूस करने का अनुभव है।
वहीं पंजाब से आई पर्यटक रमनजोत कौर ने कहा कि राजस्थान की विरासत को जानना अपने आप में विशेष अनुभव है। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर विदेश घूमने जाते हैं, लेकिन अपने देश की संस्कृति को समझना और अपनी विरासत को करीब से देखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। राजस्थान की हवेलियां, ऐतिहासिक स्थल, खान-पान और देसी संस्कृति को करीब से जानना उनके लिए खास अनुभव रहा।
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर शहरी परकोटे में पहली बार हेरिटेज ट्रेजर हंट आयोजित किया गया। पर्यटन विभाग द्वारा बीकानेर विकास प्राधिकरण के सहयोग से बीकानेर रन क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने रामपुरिया हवेलियों से लक्ष्मीनाथ मंदिर तक पैदल यात्रा की। इस दौरान बीकानेर की स्थापत्य कला, इतिहास, लोक संस्कृति और खान-पान की परंपराओं को पहेलियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जानने का अवसर मिला।प्रतिभागी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए।
मार्ग में लोक वाद्य यंत्रों पर प्रस्तुतियां और नृत्य हुए। विभिन्न स्थानों पर बीकानेर की कला, संस्कृति और विरासत से जुड़ी पहेलियां पूछी गईं, जिनका प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया। जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने भी प्रतिभागियों के साथ पूरे हेरिटेज रूट पर पैदल यात्रा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को फिटनेस के साथ अपनी विरासत और संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।
इस अवसर पर बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, श्री मनु गर्ग, उपवन संरक्षक श्री वेंकटेश जी सहित पर्यटन विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
बाइट- कैथरीन विदेशी पर्यटक,ऑस्ट्रेलिया बाइट- रमनजोत कौर देसी पर्यटक
बाइट- रमेश व्यास पगड़ीधारी