मनोरंजन

विश्वकर्मा मंदिर में पूर्व संध्या पर भव्य महाआरती एवं पूजन महोत्सव

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 16 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
विश्वकर्मा मंदिर में पूर्व संध्या पर भव्य महाआरती एवं पूजन महोत्सव

भोपाल। अग्रसेन चौक, इमामीगेट स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर में ॐ श्री विश्वकर्मा विकास परिषद भारत एवं श्री बट्टूलाल सूरजबाई सार्वजनिक धार्मिक न्यास के संयुक्त तत्वावधान में भगवान विश्वकर्मा पूजन महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भगवान विश्वकर्मा का अभिषेक एवं पूजन, अतिथियों का स्वागत, उद्बोधन, महाआरती और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए।

परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिशंकर विश्वकर्मा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और शिल्प के प्रतीक हैं। उनके आदर्श समाज को परिश्रम, रचनात्मकता और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी भगवतानंद गिरी महाराज ने प्रवचन एवं आशीर्वचन दिए। देर शाम भजन कलाकारों ने भगवान विश्वकर्मा की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर भागीरथ प्रसाद विश्वकर्मा, राजकुमार विश्वकर्मा, दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, दुर्गेश विश्वकर्मा, शशिकांत झा, मनोज विश्वकर्मा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

परिषद के अनुसार भगवान विश्वकर्मा पूजन महोत्सव मध्यप्रदेश सहित देशभर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं भी प्रेषित की गईं।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।