विदेश

वित्त मंत्री का कनाडा और अमेरिका दौरा, विदेशी निवेश बढ़ाने पर फोकस

लेखक: DD News अंतिम अपडेट: 25 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
वित्त मंत्री का कनाडा और अमेरिका दौरा, विदेशी निवेश बढ़ाने पर फोकस

अगस्त 25, नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज कनाडा और अमेरिका के आधिकारिक दौरे पर रवाना होंगी।

इस दौरे का उद्देश्‍य द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय साझेदारी को मजबूत करना, निवेश बढाना और साझा वैश्विक आर्थिक प्राथमिकताओं पर सहयोग को आगे ले जाना होगा।कनाडा में निर्मला सीतारमण कनाडा के वित्‍त मंत्री फ्रांस्वा फिलिप शैम्पेन के साथ पहली 'आर्थिक और वित्तीय वार्ता' में हिस्सा लेंगी।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मुख्‍य कार्यकारी अधिकारियों, अध्‍यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक 'निवेश राउंडटेबल' में भी हिस्सा लेंगी।

इस बातचीत का मकसद भारत और कनाडा के बीच कारोबारी संबंधों को बढ़ावा देना, निवेश के मौकों की पहचान करना और लंबी अवधि की व्यावसायिक साझेदारी को आगे बढ़ाना होगा, जिसमें गिफ्ट सिटी-आई.एफ.एस.सी. में मौजूद मौके भी शामिल हैं। इसके बाद अमेरिका के दौरे में निर्मला सीतारमण शिकागो, एशविले और न्यूयॉर्क जाएंगी।

शिकागो में, वित्त मंत्री प्रमुख निवेशकों के साथ एक राउंडटेबल कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगी और निजी क्षेत्र के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारियों, अध्‍यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगी। शिकागो में चुनिंदा कंपनियों के सीईओ और वरिष्ठ नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी।

इन चर्चाओं का फोकस भारत में निवेश के मौकों, आर्थिक दृष्टिकोण और भारत और अमेरिका के बीच व्यापार और निवेश साझेदारी को मजबूत करने के क्षेत्रों पर होगा। वित्त मंत्री शिकागो यूनिवर्सिटी के पोल्स्की सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन का भी दौरा करेंगी।

इस यात्रा के दौरान, नैसडैक निर्मला सीतारमण के लिए 'बेल-रिंगिंग' समारोह आयोजित करेगा। वित्त मंत्री की यह यात्रा अगले महीने की 2 तारीख को सम्‍पन्‍न होगी। FILE PHOTO

D
DD News

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।