देश

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को ‘बैंकिंग फॉर यूथ’ अभियान शुरू करने की घोषणा की

लेखक: AIR Delhi अंतिम अपडेट: 18 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को ‘बैंकिंग फॉर यूथ’ अभियान शुरू करने की घोषणा की

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक 2 अक्टूबर से एक महीने का अभियान- ‘बैंकिंग फॉर यूथ’ शुरू करेंगे। आज शाम नई दिल्ली में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक सम्मेलन के समापन भाषण में उन्‍होंने कहा कि इस अभियान का प्राथमिक उद्देश्य युवाओं को वित्तीय क्षेत्र से जोड़ना और उनकी वित्तीय यात्रा में मार्गदर्शन करना होगा। उन्होंने बताया कि अभियान का लक्षित समूह 16 वर्ष और उससे अधिक आयु के युवा पेशेवर होंगे। वित्तमंत्री ने आगे कहा कि यह अभियान युवा ग्राहकों के साथ निरंतर जुड़ाव के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगा, जिससे उनकी भावी उद्यमशीलता की यात्रा सुगम होगी।

उन्‍होंने रेखांकित किया कि यूपीआई के माध्यम से किए गए 66 प्रतिशत लेनदेन 18 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों द्वारा किए जाते हैं। सुश्री सीतारामन ने कहा कि आज के युवा तकनीक-प्रेमी हैं, और बैंकों को उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप चलना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि बैंकों को युवाओं में औपचारिक ऋण प्रणाली के बारे में जागरूकता बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।

आज समाप्त हुए दो दिन के सम्मेलन में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और सार्वजनिक वित्तीय संस्थानों के नेतृत्वकर्ता एक साथ आए। इस कार्यक्रम के दौरान प्रमुख प्राथमिकताओं, उभरते अवसरों और बैंकिंग तथा वित्तीय क्षेत्र के बदलते परिदृश्य पर विचार-विमर्श किया गया।

A
AIR Delhi

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।