राज्य

यूपी के 63 जिलों में भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूपी के 63 जिलों में भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित

सितंबर 27, नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य के 63 जिले भारी बारिश की मार झेल रहे हैं। कई इलाकों में पिछले 36 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में आगे भी भारी बारिश की संभावना जताई है।

वहीं, भारी बारिश से ग्रामीण इलाकों में फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश के कारण कई शहरों और ग्रामीण इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।राज्य की कई प्रमुख नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर है और खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक पिछले 48 घंटों में भारी बारिश और आंधी-तूफान से 117 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई जगह जनहानि की खबरें भी हैं। कन्नौज में भी कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। अयोध्या में भी बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही पर असर पड़ा है।मौसम विभाग ने 27 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने तथा रेड अलर्ट वाले जिलों में एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, स्थिति को देखते हुए प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। लोगों से बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है।

भारी बारिश के दौरान मौसम विभाग ने भी सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

फोटो- प्रतीकात्मक तस्वीर

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।