यूपी के बरेली में ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करेंगे सीएम योगी, सांसद धर्मपाल सिंह ने विपक्ष पर साधा निशाना
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बरेली में ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद धर्मपाल सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहली बार ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी लोगों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार उनकी चिंता कर रही है।
वहीं, राहुल गांधी के चुनाव आयुक्त के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख करने के ऐलान पर धर्मपाल सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह फ्लॉप है और उसके पास अपना वोट बैंक नहीं है। उनके मुताबिक, फर्जी वोट कटने के कारण विपक्षी नेता चुनाव आयोग पर ठीकरा फोड़ रहे हैं।
सांसद धर्मपाल सिंह ने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पीडीए की परिभाषा स्थिर नहीं रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सरकार बनेगी, इसलिए अखिलेश यादव परेशान हैं। धर्मपाल सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव आगामी चुनाव में मुस्लिम और यादव समुदाय के लोगों को प्रत्याशी नहीं बनाएंगे, क्योंकि वे इन समुदायों को अपना वोट बैंक मानते हैं।
बाइट: धर्मपाल सिंह, सांसद / कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार