यूपी में चुनावी तैयारियां तेज, ज्ञानेश कुमार ने BLO से किया संवाद

अगस्त 25, नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने लखनऊ दौरे के दूसरे दिन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO)से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने BLO की समस्याओं और चुनौतियों को समझा और उनके सुझाव भी सुने।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि BLO अपनी पारदर्शिता और कर्मठता के लिए न केवल अपने बूथ के मतदाताओं के बीच, बल्कि पूरे देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान रखते हैं। ज्ञानेश कुमार ने BLO को भरोसा दिलाया कि चुनाव आयोग उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने कहा कि BLO पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं, इसलिए उनके साथ सीधे संवाद कर उनके सुझावों को समझना और समस्याओं का समाधान करना जरूरी है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। उनके दौरे को राज्य में आगामी चुनावों की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
फ़ाइल फ़ोटो