यूपी में 3 दिनों तक महिलाओं को मिलेगी फ्री बस सेवा

अगस्त 26, नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को एक नहीं बल्कि दो खास तोहफे दिये। लखनऊ में सीएम योगी ने 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना का शुभारंभ किया और विशेष बसों का फ्लैग ऑफ किया।
इस योजना में जहां रक्षाबंधन तक यानि 3 दिनों के लिए महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा की सुविधा मिलेगी। वहीं रक्षाबंधन के बाद 60 साल से अधिक उम्र की महिलाएं भी यूपी की रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि रक्षाबंधन तक माताओं, बहनो, और बेटियों के लिए एक सहयात्री सहित निशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्राप्त होगी। उसके बाद 60 और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को भी निशुल्क बस सेवा की सुविधा मिलेगी। सीएम योगी ने कहा कि महिलायें बस में आधार कार्ड या वोटर कार्ड दिखाकर कहीं भी निशुल्क आ जा सकेंगी।
सीएम योगी ने कार्यक्रम में कई जिलों से आई महिलाओं से संवाद कर उन्हें बधाई भी दी। आपको बता दें कि इस योजना पर सालाना 270 करोड़ रूपये खर्च होंगे और रोजाना करीब 88 हजार महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। फोटो- कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ