यूपीः गोरखपुर में चाइनीज मांझे से युवक की दर्दनाक मौत, चौकी प्रभारी सस्पेंड, 48 घंटे चलेगा अभियान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
गोरखपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना तिवारीपुर थाना क्षेत्र के इलाहीबाग हावर्ट बंधे की है। मृतक की पहचान सूर्यकुंड निवासी रमेश कनौजिया के रूप में हुई है। वह कॉस्मेटिक की दुकान पर काम करता था। बाजार से सामान लेकर दुकान जाते समय चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में फंस गया, जिससे उसकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई।
राहगीरों की मदद से युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रमेश अपने पीछे पत्नी, नौ साल की बेटी और पांच साल के बेटे को छोड़ गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी सिटी निमिष पाटिल के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
गैर इरादतन हत्या की धारा भी जोड़ी जा रही है। स्थानीय चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने चाइनीज मांझे के खिलाफ अगले 48 घंटे तक विशेष अभियान चलाने की बात कही है।
बाइट - निमिष पाटिल, एसपी सिटी गोरखपुर बाइट - ओंकार दत्त तिवारी, सीओ कोतवाली