यूपी के गोरखपुर में वीरेंद्र चौधरी का बयान, यूपी में कांग्रेस संगठन मजबूत करने पर जोर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
गोरखपुर में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता और फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने पार्टी संगठन, INDIA गठबंधन, आगामी चुनाव और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले 36 वर्षों से उत्तर प्रदेश की सत्ता से बाहर है, लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्साह और मनोबल बरकरार है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रदेश में कांग्रेस संगठन मजबूत होगा और INDIA गठबंधन को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान वीरेंद्र चौधरी ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जिला एवं शहर स्तर के नेताओं और युवा कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर का कांग्रेस के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह जैसे नेताओं ने प्रदेश और देश में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और युवा कार्यकर्ताओं के प्रयासों से पूर्वांचल में कांग्रेस अपना राजनीतिक आधार मजबूत करेगी।
INDIA गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि इस संबंध में फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की जा सकती। चुनाव बहिष्कार के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई ठोस समाधान नहीं निकलेगा। उन्होंने चुनाव सुधारों पर गंभीरता से विचार करने और ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग का समर्थन किया। वहीं, राम मंदिर से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है और मंदिर में दर्शन करना व्यक्ति की अपनी इच्छा पर निर्भर करता है।
बाइट: वीरेंद्र चौधरी, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता