यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में मुख्यमंत्री ने कहा पिछले 9 सालों में बदली यूपी की पहचान

नई दिल्ली में आयोजित यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी- प्रमुख कंपनियों के सीईओज व बिजनेस लीडर्स के साथ राउंड टेबल मीटिंग की। कार्यक्रम में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निवेशकों द्वारा प्रदेश में निवेश के प्रति उत्साह दिखाने के लिए आभार जताते हुए कहा कि भारत और जापान की साझेदारी साझा विकास, प्रौद्योगिकी और समृद्धि पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, स्पष्ट नीति और दृढ़ संकल्प के साथ निरंतर सुधार करते हुए प्रदेश आज भारत की टॉप 3 इकोनॉमी में शामिल होते हुए भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बना है।
श्री योगी ने कहा कि जापान के पास दशकों का औद्योगिक अनुभव है उत्तर प्रदेश के पास उसे आत्मसात करने और आगे बढ़ाने वाली युवा पीढ़ी है। कार्यक्रम में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत की आर्थिक वृद्धि को अब वैश्विक स्तर पर मान्यता मिल रही है।
श्री वैष्णव ने कहा कि बढ़ती आर्थिक गतिविधियों से देश में सतत विकास को बढ़ावा मिला है रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं और विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
उन्होंने जापान के उद्योग जगत से भारत और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में निवेश करने का आह्वान किया वहीं कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है कि अनुसंधान और तकनीकी नवाचार सीधे किसानों तक पहुंचें ।
श्री चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपार संभावनाएं हैं और यह वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।
यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 के उद्घाटन और दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में जापान और भारत के प्रमुख उद्योग समूहों ने उत्तर प्रदेश को निवेश, मैन्युफैक्चरिंग और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ केंद्र बताया।
यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 का आयोजन 18 से 23 अगस्त तक उत्तर प्रदेश और दिल्ली में किया जा रहा है। इसमें 200 से अधिक जापानी उद्योगपति, सीईओ, कारोबारी प्रतिनिधि और नीति-निर्माता हिस्सा ले रहे हैं।