यूपीः मथुरा के बांके बिहारी मंदिर की 20वीं बैठक में 16 एजेंडों पर हुई चर्चा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर दिया गया जोर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मथुरा के वृंदावन स्थित ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर की हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की 20वीं बैठक आयोजित की गई। लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन में हुई बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने की। इसमें मंदिर की व्यवस्थाओं, भोग-प्रसाद, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और वित्तीय मामलों से जुड़े 16 एजेंडों पर चर्चा हुई।
बैठक में भोग-प्रसाद तैयार करने के लिए हलवाइयों की नियुक्ति, उनके मानदेय और दूध, पनीर व खोया की धनराशि बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। मंदिर के आसपास बिकने वाले पेड़े और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा मंदिर के आसपास सफाई, नालियों के क्षतिग्रस्त ढक्कन बदलने और असुरक्षित बिजली के तारों को ठीक कराने पर चर्चा हुई।
मंदिर में केंद्रीकृत एयर कंडीशनिंग व्यवस्था स्थापित करने संबंधी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की रिपोर्ट पर भी विचार किया गया। बैठक में मंदिर की धार्मिक धरोहरों, गोलक खोलने, सेवायतों के भुगतान और वित्तीय मामलों की समीक्षा की गई। मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं को भ्रमित कर ठगी करने वालों पर रोक लगाने और तुलसी की मालाओं की गरिमा बनाए रखने के मुद्दे भी उठाए गए।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारी और कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
बाइट- चन्द्र प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी मथुरा
बाइट- रजत गोस्वामी, सेवायत सदस्य