राज्य

यूपी में नई ई-पास आधारित कोटेदार कमीशन प्रणाली का हुआ शुभारंभ

लेखक: AIR Lucknow अंतिम अपडेट: 17 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूपी में नई ई-पास आधारित कोटेदार कमीशन प्रणाली का हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उचित दर विक्रेताओं के लिए नई ई-पॉस आधारित कोटेदार कमीशन प्रणाली का लखनऊ से शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले 9 साल में सरकार ने प्रदेश खाद्य वितरण प्रणाली की खामियों को दूर करने का काम किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदेश पर उचित मूल्य विक्रेताओं से जुड़ी दुकानों को अन्नपूर्णा भवन के रूप में निर्मित किया जा रहा है, जहां दुकान और वेयर हाउस की सुविधा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सरकारी राशन वितरण के उचित दर विक्रेताओं से अपील की कि वह कार्य करिए, जिसमें सम्मान हो। जिसमें सम्मान न हो, वह कार्य कभी नहीं करना चाहिए। उन्होंने 2017 के बाद आए बदलाव का जिक्र किया और कहा कि अब कोई आप पर अंगुली नहीं उठा सकता। 2017 के पहले गरीब का राशन कार्ड रख लिया जाता था, जिससे वह भूख से मरता था परंतु अब ऐसी स्थिति नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के जरिए प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को लगातार निःशुल्क राशन मिल रहा है। निराश्रितों/दिव्यांगों का राशन घर तक पहुंचाने की व्यवस्था हो रही है। दो करोड़ परिवारों को फ्री में रसोई गैस के कनेक्शन, 1.53 करोड़ परिवारों को फ्री में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। राशन की 10 हजार दुकानों को अन्नपूर्णा भवन के रूप में स्थापित किया गया है। यह परिणाम राज्य की उन्नति को बताते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कुछ कर नहीं पाए, वे आरोप-प्रत्यारोप लगाते हैं। ऐसे लोग परिवर्तन को नकारात्मकता में बदलना चाहते हैं। श्री योगी ने कहा कि उचित दर विक्रेताओं के बारे में लोगों की धारणा ठीक हो, इसके लिए सरकार ने वर्ष 2017 में ई-पॉस मशीन लगाना शुरू किया। सिंगल डोर स्टेप होगा यानी एफसीआई के गोदाम से सीधे फेयरप्राइस शॉप तक राशन पहुंचाया जाएगा। सरकार व उचित मूल्य विक्रेता के बीच में कोई बैरियर नहीं रहेगा। हम सीधे संवाद बनाएंगे, इससे परिणाम भी सकारात्मक आए।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का कन्नौज, बलरामपुर, गोरखपुर, सुल्तानपुर, चित्रकूट, ​कौशाम्बी, कानपुर देहात और बदायूं सहित विभिन्न जिलों में सीधा प्रसारण किया गया। कोटेदारों में लाभांश बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद उत्साह देखा गया।

A
AIR Lucknow

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।