यूपी में रसोइयों का सम्मान, कैशलेस चिकित्सा कार्ड का शुभारंभ

23 अगस्त, नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। आज लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा 11 रसोइयों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा, प्रदेशभर से करीब 1,500 रसोइयों की सहभागिता रहेगी। इसी दिन जनपद और तहसील स्तर पर भी रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इनमें सांसद, मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री योगी ने एक्स पर लिखा है, “विद्यालय की रसोई में जलता चूल्हा केवल भोजन नहीं पकाता, वह लाखों बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को ऊर्जा देता है। इस पुनीत दायित्व को अपने श्रम और ममत्व से निभाने वाली हमारी रसोइया माताएं-बहनें 'पीएम पोषण' की वास्तविक आधारशक्ति हैं।”
उन्होंने आगे लिखा कि आज इन कर्मयोगी रसोइयों के सम्मान के साथ प्रदेश की 3.54 लाख मिड-डे मील रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण का शुभारंभ होगा।
सम्मान से स्वास्थ्य-सुरक्षा तक की यह पहल हमारी रसोइया माताओं-बहनों के श्रम के प्रति 'डबल इंजन सरकार' की कृतज्ञता और उनके सुरक्षित व सम्मानजनक जीवन के प्रति प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति है। कैप्शन: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)