देश

यूपी के संभल जामा मस्जिद मामले में अगली सुनवाई 16 अक्टूबर को होगी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 29 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूपी के  संभल जामा मस्जिद मामले में अगली सुनवाई 16 अक्टूबर को   होगी

संभल की सदर तहसील क्षेत्र स्थित शाही जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा करने वाली याचिका पर आज जिला न्यायालय में सुनवाई हुई। सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह की अदालत में हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट के स्थगन आदेश के चलते मामले में कोई आगे की कार्रवाई नहीं हुई। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 16 अक्टूबर 2026 की तारीख तय की है।

बता दें कि शाही जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा करते हुए आठ याचियों की ओर से 19 नवंबर 2024 को सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में याचिका दाखिल की गई थी। इससे पहले इस मामले में 25 अगस्त को सुनवाई हुई थी। वहीं, हिंदू पक्ष के अधिवक्ता श्रीगोपाल शर्मा ने बताया कि मामले में सुप्रीम कोर्ट का स्थगन आदेश लागू है, जिसके चलते आज कोई कार्रवाई नहीं हुई और अगली तारीख 16 अक्टूबर तय की गई है।हिंदू पक्ष के अधिवक्ता के मुताबिक, सर्वे के आदेश को लेकर पहले सुप्रीम कोर्ट का रुख किया गया था, जहां उचित न्यायालय में जाने को कहा गया।

इसके बाद हाईकोर्ट में मामला गया और 19 मई 2025 को हाईकोर्ट ने निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखा। हाईकोर्ट के इस फैसले के खिलाफ मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है और वहां आदेश सुरक्षित है।

वहीं, मुस्लिम पक्ष के अधिवक्ता शकील अहमद वारसी ने बताया कि शाही जामा मस्जिद मामले में सुप्रीम कोर्ट में आदेश सुरक्षित है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 19 नवंबर 2024 को दावा पेश किया गया था और उसी दिन कमीशन जारी किया गया था। 24 नवंबर को दोबारा कमीशन जारी किया गया था, इसी दौरान हुई हिंसा और मौतों से जुड़ा मामला भी सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। जिला न्यायालय ने अब अगली सुनवाई के लिए 16 अक्टूबर 2026 की तारीख तय की है।

बाइट: श्रीगोपाल शर्मा, हिंदू पक्ष के अधिवक्ता

बाइट: शकील अहमद वारसी, मुस्लिम पक्ष के अधिवक्ता

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।