यूपी के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, चार खिलाड़ियों की मौत
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 97.500 के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य खिलाड़ी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई है, जबकि दो घायलों का इलाज चल रहा है।
हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। कार में कुल छह लोग सवार थे, जो लखनऊ में खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद देवरिया लौट रहे थे। सूचना पर यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को एंबुलेंस से सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले जाया गया। यहां से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक और घायल की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति, इरफान अंसारी और अनिकेत के रूप में हुई है। वहीं घायलों में देवरिया के लार थाना क्षेत्र निवासी आनंद यादव, तैयर बुजुर्ग निवासी राजू और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा शामिल हैं।
घायल जयंतो शर्मा के मुताबिक, सभी खिलाड़ी लखनऊ में खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद देवरिया लौट रहे थे। यात्रा के दौरान कार में सवार कुछ लोग सो रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। टक्कर कैसे हुई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटना में शामिल अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
सुल्तानपुर के जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए इसकी तकनीकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि दो घायलों का इलाज चल रहा है।
बाइट-: इंद्रजीत सिंह, जिलाधिकारी, सुल्तानपुर
बाइट-: आशुतोष कुमार, क्षेत्राधिकारी बल्दीराय, सुल्तानपुर