यूपी टी-20 के 23वें मैच में गाली-गलौज, अंपायर से बदतमीजी:UPCA की बड़ी कार्रवाई, अभिषेक गोस्वामी 1 मैच के लिए बैन, 2 खिलाड़ियों पर लगा जुर्माना
यूपी टी-20 लीग (UP T20 League) में क्रिकेट के खेल को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में 28 अगस्त को काशी रुद्रास और नोएडा किंग्स के बीच खेले गए मैच नंबर 23 के दौरान खिलाड़ियों ने खेल की मर्यादा को तार-तार कर दिया।
मैदान पर गाली-गलौज, आक्रामक व्यवहार और अंपायर के आदेश की अनदेखी करने पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने सख्त कदम उठाते हुए तीन खिलाड़ियों पर भारी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। अभिषेक गोस्वामी पर लगा एक मैच का बैन और 40% जुर्माना मामले में सबसे कड़ी कार्रवाई काशी रुद्रास के खिलाड़ी अभिषेक गोस्वामी पर हुई है।
उन पर दो अलग-अलग नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया गया है: हमला या धमकी देने का आरोप (लेवल 3): अभिषेक पर आरोप है कि उन्होंने मैच के दौरान विरोधी खिलाड़ी, अंपायर, टीम अधिकारी या दर्शकों में से किसी को धमकाया या उस पर हमले की कोशिश की। इसके तहत उन्हें एक मैच के लिए सस्पेंड कर दिया गया है।
अब वह मेरठ मावेरिक्स के खिलाफ होने वाले मैच नंबर 29 में नहीं खेल पाएंगे। अभद्र भाषा का इस्तेमाल (लेवल 1): मैदान पर खुलेआम गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के जुर्म में उन पर मैच फीस का 40% जुर्माना ठोका गया है।
बल्लेबाज के आउट होने पर आक्रामक इशारे पड़े महंगे काशी रुद्रास के ही दूसरे खिलाड़ी ऋषभ राजपूत भी UPCA की गाज से बच नहीं पाए। ऋषभ पर मैच के दौरान आउट होकर लौट रहे बल्लेबाज पर आक्रामक टिप्पणी करने, भड़काऊ इशारे और अपमानजनक भाषा इस्तेमाल करने का दोषी पाया गया है। इस हरकत के चलते उन पर मैच फीस का 10% जुर्माना लगाया गया है।
नोएडा किंग्स के कुणाल त्यागी ने अंपायर से की बहस तीसरी कार्रवाई नोएडा किंग्स के खिलाड़ी कुणाल त्यागी पर हुई है। कुणाल ने मैदान पर अंपायर के निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया था। अंपायर की बात न मानकर अनुशासनहीनता दिखाने पर UPCA ने कुणाल त्यागी पर भी मैच फीस का 10% जुर्माना लगाया है।
📡 स्रोत: NewsData.io