यूसीसी के विरोध को लेकर मेँगलादीप व साहूखेड़ी में बैठक, एसडीएम को ज्ञापन देने पर बनी सहमति

समाज के जिम्मेदार लोगों और नौजवानों ने की चर्चा, लोकतांत्रिक एवं पुरअमन तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने पर जोर
राजगढ़। यूसीसी (समान नागरिक संहिता) को लेकर मेँगलादीप और साहूखेड़ी में समाज के जिम्मेदार लोगों एवं नौजवानों की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मस्जिदों के इमाम, सदर और अन्य जिम्मेदार हज़रात ने शिरकत की तथा यूसीसी को लेकर अपने विचार रखे।
मोहम्मद सूफी खान, जिला प्रभारी राजगढ़ के नेतृत्व में टीम ने दोनों गांवों का दौरा किया। इस दौरान मस्जिदों के इमाम साहब और समाज के जिम्मेदार लोगों से मुलाकात कर यूसीसी के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज दर्ज कराने को लेकर तफ्सीली बातचीत की गई।
बैठक में गांव की तमाम मसाजिद के सदर और पढ़े-लिखे नौजवानों को यूसीसी विरोध से संबंधित फार्म भरवाने तथा लोगों को इस विषय में जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही जिम्मेदार लोगों की ओर से एसडीएम को ज्ञापन सौंपने को लेकर भी सहमति बनी।
अफवाहों से दूर रहने और शांतिपूर्ण तरीके से बात रखने की अपील
बैठक के दौरान मोहम्मद सूफी खान ने समाज के नौजवानों से इस मामले में जागरूक रहने और किसी भी तरह की अफवाह से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नौजवान अपने उलमा-ए-किराम और जिम्मेदार हज़रात की रहनुमाई में काम करें तथा समाज के अहम मसलों पर आपसी इत्तेहाद बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि किसी भी मुद्दे पर अपनी बात लोकतांत्रिक और पुरअमन तरीके से प्रशासन तक पहुंचाना हर नागरिक का हक है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे इस मामले में गौर-ओ-फिक्र करें, उलमा-ए-किराम की रहनुमाई को समझें और समाजी जिम्मेदारियों को निभाने में अपना किरदार अदा करें।
बैठक में यूसीसी को लेकर समाज के स्तर पर जागरूकता बढ़ाने, लोगों को संबंधित फार्म उपलब्ध कराने तथा प्रस्तावित ज्ञापन के माध्यम से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई।