राजनीति

यूथ कॉन्क्लेव में छात्रों पर पुलिस बर्बरता के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, गृहमंत्री का पुतला फूंका

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 7 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूथ कॉन्क्लेव में छात्रों पर पुलिस बर्बरता के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, गृहमंत्री का पुतला फूंका

भोपाल। राजधानी भोपाल में आयोजित यूथ कॉन्क्लेव के दौरान छात्रों के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने बुधवार को प्रदर्शन किया। इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री मोहन यादव का पुतला दहन किया और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की।

फोटो
फोटो

NSUI का आरोप है कि यूथ कॉन्क्लेव के दौरान छात्रों के साथ पुलिस ने कथित तौर पर मारपीट की और कुछ छात्रों के बाल खींचे गए। संगठन ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए सरकार से छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि सरकार को छात्रों के नाम पर केवल कार्यक्रम आयोजित करने के बजाय उनकी वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के युवा बेरोजगारी, लंबित भर्तियों, परीक्षाओं में देरी और परिणाम समय पर जारी नहीं होने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

चौकसे ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री मोहन यादव की ओर से आयोजित कार्यक्रम को राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तर्ज पर बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी कार्यक्रम की नकल करने से छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। सरकार को छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं पर ठोस और समयबद्ध निर्णय लेना चाहिए।

NSUI प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों की बात सुनने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान ही उनके साथ कथित बर्बरता और दुर्व्यवहार के आरोप सामने आना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी बात सुननी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि प्रदेश में लंबित भर्तियों की स्थिति स्पष्ट की जाए, परीक्षाओं और परिणामों को समयबद्ध किया जाए तथा रोजगार को लेकर युवाओं की चिंताओं का समाधान किया जाए। चौकसे ने कहा कि NSUI छात्रों और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान NSUI प्रदेश सचिव अमन पठान, जिला उपाध्यक्ष वंश कनौजिया, पीयूष पवार, अंकित पटेल, प्रणव सक्सेना, आदित्य राजपूत और तारीक खान सहित बड़ी संख्या में NSUI पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।