विदेश

7 युवकों को दुबई भेजने वाला AIMIM नेता:औवेसी संग मीटिंग-मंच साझा करते दिखा नाहिद; जॉब के नाम पर डेढ़ लाख लिए, सभी विदेश में फंसे

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 23 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
7 युवकों को दुबई भेजने वाला AIMIM नेता:औवेसी संग मीटिंग-मंच साझा करते दिखा नाहिद; जॉब के नाम पर डेढ़ लाख लिए, सभी विदेश में फंसे

सीमांचल के 7 लड़कों को दुबई भेजने वाला नाहिद गनी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM का नेता निकला। गनी के जरिए दुबई भेजे गए सीमांचल के 7 लड़के पिछले 7 दिनों से वहां फंसे हुए हैं। जिस काम के लिए उन्हें दुबई भेजा गया था, उसके बजाय उनसे दूसरा काम करने को कहा जा रहा था, जिसे उन्होंने करने से मना कर दिया।

इसके बाद वहां सभी 7 लड़कों के पासपोर्ट जब्त कर लिए गए। सीमांचल के सभी 7 लड़के 1 अगस्त को दुबई गए थे। नाहिद गनी पर आरोप है कि उसने अमौर और कोचाधामन इलाके के 7 लड़कों से डेढ़-डेढ़ लाख रुपए लेकर उन्हें दुबई में मोजा फैक्ट्री में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।

हालांकि, दुबई पहुंचने के बाद लड़कों को उनकी मनमुताबिक नौकरी नहीं मिली और उनके सारे पैसे भी खर्च हो गए। लड़कों ने वीडियो जारी कर पूरी कहानी बताई और मदद की गुहार लगाई। पढ़िए भास्कर की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट...

सबसे पहले लड़कों को दुबई भेजने वाले नाहिद गनी के बारे में जानिए एजेंट हाजी नाहिद गनी को AIMIM के युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश महासचिव बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर असदुद्दीन ओवैसी, बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान समेत पार्टी के अन्य नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं।

नाहिद गनी से जब विदेश में नौकरी के लिए भेजने वाले एजेंट के रूप में जरूरी रिक्रूटिंग एजेंट (RA) पंजीकरण के बारे में पूछा गया तो उसने स्वीकार किया कि उसके पास RA के रूप में पंजीकरण नहीं है। उसका कहना है कि उसने एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बना रखी है और उसी के माध्यम से सालों से युवकों को विदेश भेजने का काम कर रहा है।

नाहिद गनी ने दावा किया है कि अब तक सीमांचल क्षेत्र से करीब 1.25 लाख युवकों को खाड़ी देशों में भेज चुका है। उसके इस दावे ने भी विदेश रोजगार के पूरे नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुझे बदनाम किया जा रहा- नाहिद गनी एजेंट ने कहा, “राजनीतिक कारणों से मुझे बदनाम किया जा रहा है।

अब तक मैंने 1 लाख से अधिक युवकों को रोजगार दिलाने का काम किया है।” नाहिद गनी ने कहा, “मैं AIMIM के युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश महासचिव हूं और जमीयत उलेमा-ए-हिंद का सचिव भी हूं। इसी वजह से मुझे बदनाम किया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि लड़कों के पासपोर्ट जब्त नहीं किए गए हैं।

दूसरी कंपनी में युवकों को नौकरी दिलाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन युवक वहां नौकरी करना नहीं चाह रहे हैं। एक महीने के वीजा पर दुबई भेजा, अब कार्रवाई का डर दुबई पहुंचे 7 युवकों के मामले में सबसे चौंकाने वाली बात उनके वीजा को लेकर सामने आई है।

परिजनों के अनुसार, युवकों को नौकरी के लिए दुबई भेजा गया था, लेकिन उन्हें महज एक महीने के वीजा पर भेज दिया गया। अब युवकों की वीजा वैधता खत्म होने में करीब 10 दिन ही बचे हैं। परिजनों को आशंका है कि वीजा की अवधि खत्म होने के बाद उनके बच्चों को दुबई में कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं, नाहिद गनी का कहना है कि युवकों को स्टांप पेपर पर यह लिखकर देना होगा कि वे काम नहीं करेंगे। इसके बाद उन्हें पासपोर्ट वापस मिल जाएगा।

दुबई में फंसे लड़कों के परिजन बोले- किसी तरह बच्चों को देश लाए सरकार दुबई में फंसे युवकों के परिजनों ने बताया, “हमारे बच्चे जब दुबई में काम के लिए पहुंचे तो सबसे पहले उन्हें अपना पासपोर्ट एजेंट के नेटवर्क से जुड़े लोगों को देना पड़ा। इसके बाद गनी की ओर से बताए गए काम के बजाय उन्हें दूसरा काम सौंप दिया गया।

जब काम दूसरा निकला तो हमारे बच्चों ने उसे करने से इनकार कर दिया। अब हमारे बच्चों के सामने नौकरी, रहने और वतन वापसी को लेकर गंभीर संकट पैदा हो गया है।” कोचाधामन प्रखंड की पूर्णदहा पंचायत निवासी रब्बान खान, सलमान और अबू अजर के परिजनों ने कहा, “किसी तरह कर्ज लेकर बच्चों को दुबई भेजा था।

दुबई पहुंचने के बाद हमारे बच्चों के साथ गलत व्यवहार हुआ है। उनके पैसे खत्म हो गए हैं। वे बस स्टॉप पर रहकर और सड़कों पर घूमकर दिन काट रहे हैं।

हम बिहार और केंद्र सरकार के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन से मांग करते हैं कि हमारे बच्चों को सुरक्षित भारत वापस लाया जाए।” वहीं, कोचाधामन विधानसभा से पूर्व विधायक मुजाहिद ने बताया, “बच्चे दुबई में फंसे हैं। मानव तस्कर एजेंट नाहिद गनी ने सपना दिखाकर युवकों को रोजगार दिलाने को लेकर बरगलाया।

वहां इन सभी युवकों का एजेंट ने पासपोर्ट छीन लिया। वहां एक छोटे से कमरे में बंद कर दिया है। सभी के परिजनों से मैंने मुलाकात की है।

सरकार से मांग करता हूं कि इस मानव तस्करी के खिलाफ जल्द से जल्द एक्शन ले, साथ ही युवकों को सुरक्षित देश वापसी कराए।” बिहार AIMIM के अध्यक्ष अख्तरुल इमाम से भी परिजन ने लगाई गुहार लड़कों के परिजन ने केंद्र, बिहार सरकार और प्रशासन के अलावा बिहार AIMIM के अध्यक्ष और अमौर विधायक अख्तरुल ईमान से भी संपर्क किया है।

परिजनों का कहना है कि उन्हें मदद का आश्वासन मिला, लेकिन अभी तक उनके बच्चों की सुरक्षित वापसी नहीं हो पाई है।

एजेंट गनी की ओर से भेजे गए ये 7 लड़के दुबई में फंसे दुबई में फंसे सभी 7 लड़कों में से तीन पूर्णिया के अमौर विधानसभा क्षेत्र के रौटा थाना क्षेत्र के मीरगंज गांव के रहने वाले हैं, जबकि चार किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड की पुरन्दाहा पंचायत के मिर्चान टोला के निवासी हैं।

दुबई में फंसे लड़कों की पहचान दिलफरोज आलम (25), नासिर आलम (21), रब्बान खान (23), दानिश (24), नाजिश (24), शमशाद (28) और एक अन्य के रूप में हुई है। लड़कों ने अपनी ओर से जारी किए गए वीडियो में हाथ जोड़कर मदद की गुहार लगाई है। वीडियो में वे रोते हुए भी नजर आ रहे हैं।

पहले तीन लड़कों का वीडियो सामने आया दुबई में फंसे 7 लड़कों में से 3 का वीडियो सामने आया था। वीडियो में लड़कों ने बताया कि वे एक होटल में खाना खा रहे थे। इसी दौरान वहां एक शख्स खाना खाने पहुंचा। वह किसी से फोन पर बात कर रहा था। उसकी बातचीत से लगा कि वह भारत का रहने वाला है।

हम लोगों ने उससे बातचीत की तो पता चला कि वह भी अमौर का रहने वाला है। इसके बाद हमने उसे अपनी आपबीती बताई और मदद की अपील की। इसी दौरान उस शख्स ने लड़कों का वीडियो बनाना शुरू किया। बाद में यह वीडियो हम लोगों ने अपने परिजनों को भेज दिया।

पूर्व विधायक ने लड़कों से वीडियो कॉल पर बात की थी विदेश में फंसे अमौर के लड़कों का वीडियो देख पूर्व विधायक मुजाहिद ने उनके बारे में पता किया था। फिर उन लड़कों का नंबर लिया था। इसके बाद पूर्व विधायक ने उन लड़कों को वीडियो कॉल कर बातचीत की थी।

बातचीत के दौरान पूर्व विधायक ने पूछा था कि क्या उन्हें टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेजा गया है। इस पर युवक ने बताया कि उन्हें टूरिस्ट वीजा पर ही दुबई भेजा गया था। इसके लिए प्रत्येक युवक से डेढ़ लाख रुपए लिए गए थे। यह राशि एजेंट नाहिद गनी ने ली थी।

पूर्व विधायक ने भुगतान के तरीके के बारे में पूछा तो युवक ने बताया कि रकम नकद दी थी। हालांकि, उनके पास पैसे लेने का वीडियो है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।