युवाओं को भरपूर अवसर देने का तैयार हुआ ईको सिस्टम: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर में महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के पांचवें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य ऐसे युवा तैयार करना है जो अपने ज्ञान और कौशल से अवसर पैदा कर सकें।
उन्होंने ने कहा कि हर युवा को उसकी योग्यता, रुचि और क्षमता के अनुरूप सीखने, अवसर पाने, उद्यम करने और आगे बढ़ने का भरपूर अवसर उपलब्ध कराने के लिए डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में एक मजबूत ईको सिस्टम तैयार किया है।
सरकार की तरफ से यूपी में पिछले नौ वर्षों में शिक्षा और कौशल से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश, स्टार्टअप, एमएसएमई और इंडस्ट्री तक एक ऐसा व्यापक ईको सिस्टम विकसित किया गया है जो युवाओं की क्षमता को अवसर, अवसर को रोजगार और रोजगार को आर्थिक समृद्धि में बदलने में सहायक हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज युवाओं के सामने आगे बढ़ने के अवसर केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं हैं।
उनके लिए एजुकेशन (शिक्षा), स्किल डेवलपमेंट (कौशल विकास), इंटरप्रेन्योरशिप (उद्यमिता), स्टार्टअप, एमएसएमई, इंडस्ट्री, डिजिटल इकोनॉमी और रिसर्च एंड इनोवेशन (अनुसंधान एवं नवाचार) जैसे अनेक अवसर हैं। सरकार का प्रयास है कि युवा को सीखने, प्रयोग करने, उद्यम शुरू करने और आगे बढ़ने का एक बेहतरीन वातावरण प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पास पोटेंशियल की कोई कमी नहीं है। हमारे पास विशाल युवा शक्ति, कृषि शक्ति, उद्यमिता, प्राकृतिक संसाधन और समृद्ध ज्ञान परंपरा है। आवश्यकता इन सभी को एक दिशा, एक ईको सिस्टम और नए अवसर से जोड़ने की है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश ने इसी दिशा में बदलाव की एक मजबूत नींव तैयार की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर ने कनेक्टिविटी बढ़ाई है। बेहतर कनेक्टिविटी ने निवेश के बेहतरीन अवसर उपलब्ध करवाए हैं। निवेश ने इंडस्ट्री और रोजगार के अवसर बढ़ाए हैं। डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर ने अवसरों को प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने की क्षमता भी दी है।
एमएसएमई और ओडीओपी के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्पियों को बेहतरीन प्लेटफार्म प्राप्त हुआ है। इसी तरह स्टार्टअप ईको सिस्टम ने युवाओं को नौकरी खोजने से आगे बढ़कर नए समाधान और नए उद्यम खड़े करने के अवसर दिए हैं।